सीएसआईआर-हिमालय जैवसंपदा प्रौद्योगिकी संस्‍थान, जो वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) की एक प्रमुख प्रयोगशाला है, जो पारिस्थितिक रूप से समृद्ध पश्चिमी हिमालय में पालमपुर में स्थित है। भव्य धौलाधार पर्वत श्रृंखला की पृष्ठभूमि/तलहटी में स्थित यह परिसर, हरे-भरे चाय के बागानों, वनों से आच्छादित भूदृश्यों और ठंडी पर्वतीय जलवायु से युक्‍त है; जो हिमालयी जैवसंपदा पर वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए एक असाधारण/विशेष प्राकृतिक वातावरण प्रदान करता है। हिमालयी जैवसंपदा के सतत उपयोग के माध्यम से जैव आर्थिकी को सुदृढ़ करने की अपनी परिकल्पना से प्रेरित होकर संस्‍थान एक ऐसा अंतर्विषयक अनुसंधान वातावरण प्रदान करता है, जिसमें औषधीय और सुगंधित पौधे, पादप जैव-प्रौद्योगिकी और आणविक जीवविज्ञान, प्राकृतिक उत्पाद रसायन विज्ञान, सूक्ष्मजीव जैव-प्रौद्योगिकी, उच्च-तुंगता कृषि, न्यूट्रास्यूटिकल्स और जैवसंपदा संवर्धन जैसे विविध क्षेत्र शामिल हैं।

आईएचबीटी की विशेषता, इसका अत्याधुनिक अनुसंधान आधारभूत संरचना ( इंफ्रास्ट्रक्चर) है। इस संस्थान में PacBio RSII और NovaSeq 6000 जैसे उन्नत नेक्स्ट-जेनरेशन सीक्वेंसिंग प्लेटफॉर्म; MALDI ToF, Ion Mobility Q ToF LC MS, हाई-फील्ड NMR (300 और 600 MHz) जैसे उच्‍च प्रोटिओमिक्स और मेटाबोलोमिक्स सिस्टम; और सुपरक्रिटिकल फ्लूइड एक्सट्रैक्शन सिस्टम उपलब्‍ध हैं, जिन्हें पूर्ण रूप से बायोइन्फॉर्मेटिक्स और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग सुविधाओं का सहयोग प्राप्त है। उन्नत इमेजिंग प्लेटफ़ॉर्म में SEM, TEM, AFM, कॉन्फोकल माइक्रोस्कोपी और लेज़र-असिस्टेड माइक्रोडिसेक्शन शामिल हैं। प्रायोगिक क्षमताओं में cGMP-अनुरूप प्रोटीन उत्पादन, ऊतक और कोशिका संवर्धन सुविधाएँ, खाद्य प्रसंस्करण और विश्लेषणात्मक प्रणालियाँ, पायलट-स्केल उत्पादन और प्रसंस्करण इकाइयाँ, तथा GIS, रिमोट सेंसिंग, हाइपरस्पेक्ट्रल इमेजिंग, LiDAR और UAV-आधारित अनुप्रयोगों को एकीकृत करने वाले भू-सूचना विज्ञान उपयुक्‍त प्लेटफ़ॉर्म शामिल हैं।

आईएचबीटी में राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त नियामक और विश्लेषणात्मक सुविधाएँ भी उपलब्ध हैं, जिनमें टिशू कल्चर पौधों की वायरस इंडेक्सिंग के लिए भारत सरकार द्वारा अधिसूचित केंद्र, आयातित इन विट्रो टिशू कल्चर सामग्री के लिए प्रवेश-पश्चात क्वारंटाइन (PEQ) निरीक्षण, तथा चाय एवं हर्बल उत्पादों में कीटनाशक अवशेषों और भारी धातुओं के विश्लेषण के लिए उन्नत प्रयोगशालाएँ शामिल हैं। संस्थान की एक अनूठी पहल लाहौल और स्पीति में स्थित उच्‍च तंगता जीवविज्ञान केन्‍द्र' (CeHAB) है, जो हिमालय की अत्यधिक कठिन परिस्थितियों में जलवायु अनुकूलन, जैव विविधता संरक्षण, औषधीय पौधों के बीज बैंकों और AI-आधारित पौधों की पहचान पर वास्तविक शोध में सहायता प्रदान करता है।

आईएचबीटी विज्ञान को प्रक्षेत्र में प्रयुक्‍त होने वाली प्रौद्योगिकी, किसानों द्वारा चलाए जाने वाले उद्यमों और बड़े पैमाने पर औद्योगिक नवाचारों में बदलने के लिए व्यापक रूप से जाना जाता है। यह संस्थान सीएसआईआर के प्रमुख मिशन-मोड कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से योगदान देता है, जिनमें फ्लोरीकल्चर मिशन, अरोमा मिशन, फाइटोफार्मास्यूटिकल मिशन, वेस्ट टू वेल्थ मिशन, स्मार्ट विलेज और जैवसंपदा संरक्षण और अन्वेषण (BioCAP) मिशन शामिल हैं। संस्‍थान के अनुसंधान को जैवप्रौद्योगिकी विभाग, विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग, एएनआरएस, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, सुक्ष्‍म, लघु  और मध्‍यम उद्यम मंत्रालय जैसी एजेंसियों द्वारा समर्थित बाहरी वित्तपोषित परियोजनाओं और अंतर्राष्ट्रीय सहयोगों से और अधिक बल मिलता है; साथ ही, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, पायलट-स्केल सत्यापन और व्यावसायीकरण के लिए मजबूत औद्योगिक साझेदारियाँ भी इसे बल प्रदान करती हैं।

आईएचबीटी के सबसे प्रभावशाली योगदानों में से एक कांगड़ा चाय क्षेत्र का पुनरुद्धार रहा है। संस्थान ने कांगड़ा चाय के लिए GI मान्यता प्राप्त करने में सहायता की, खेती के तरीकों में सुधार किया, मशीनीकरण और ऊर्जा-कुशल प्रसंस्करण को बढ़ावा दिया, और चाय का विनेगर, चाय-आधारित न्यूट्रास्यूटिकल्स, चाय का माउथवॉश और चाय का सैनिटाइज़र जैसे मूल्य-वर्धित उत्पाद भी विकसित किए।

संस्थान द्वारा विकसित 'हिम स्फूर्ति' (CSIR-IHBT-T-01) चाय की किस्म, एक 'अर्ली फ्लशिंग' (जल्दी पत्तियाँ देने वाली) और अधिक पैदावार वाली 'चाइना हाइब्रिड' है। इसकी तैयार चाय की पैदावार 50–80% तक अधिक होती है; इसमें बेहतरीन खुशबू और कैटेकिन की उच्च मात्रा होती है; साथ ही यह प्रीमियम 'ऑर्थोडॉक्स ब्लैक' और 'ग्रीन टी' के उत्पादन के लिए भी उपयुक्त है। यह किस्म कांगड़ा क्षेत्र में मौजूदा चाय की किस्मों का स्‍थान लेने की प्रबल क्षमता रखती है।

आईएचबीटी ने पहली बार भारतीय हिमालयी क्षेत्र में हींग की खेती शुरू करके एक ऐतिहासिक राष्ट्रीय योगदान दिया है; इसके अंतर्गत हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में गुणवत्तापूर्ण रोपण सामग्री, बीज प्रणालियों, कृषि-तकनीकों और गुणवत्ता मानकों की उपलब्धता सुनिश्चित करके आयात पर निर्भरता को कम करना है। संस्थान ने रोग-मुक्त केसर कंद उत्पादन प्रणालियाँ विकसित कीं और केसर की खेती का विस्तार गैर-पारंपरिक क्षेत्रों तक किया; वहीं, जीनोम एडिटिंग बेहतर पुष्पन और उत्पादकता में सहायक है। संस्‍थान ने भारत में असली दालचीनी की संगठित खेती की भी शुरुआत की, और मसालों के व्यापार तथा न्यूट्रास्यूटिकल उद्योगों में मिलावट को रोकने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने में सहायक PCR-आधारित मॉलिक्यूलर मार्कर विकसित किए।

सगंध फसलों के क्षेत्र में, संस्‍थान ने जंगली गेंदे की बेहतर कृषि-तकनीकें विकसित कीं। इन तकनीकों से बायोमास की पैदावार, सगंध तेल मात्रा और तेल की गुणवत्ता (विशेष रूप से उच्च (Z)-β-ocimene सामग्री के साथ) में वृद्धि हुई। इसके परिणामस्वरूप, बेहतर आसवन विधियों, किसानों के प्रशिक्षण और मज़बूत बाज़ार संपर्कों के माध्यम से हिमाचल प्रदेश को सुगंधित गेंदे के सगंध तेल का उत्पादन करने वाला भारत का अग्रणी राज्य बनाने में सहायता मिली। इसके साथ ही, लैवेंडर की 'हिम आरोही' और कैमोमाइल की 'हिम कांति' जैसी नई किस्में लोकार्पित की गईं, और रोज़मेरी, जेरेनियम, क्लैरी सेज तथा काली हल्दी को भी बढ़ावा दिया गया।

आईएचबीटी ने हिमाचल प्रदेश का पहला ट्यूलिप गार्डन स्थापित किया, लाहौल में स्‍वदेशी  ट्यूलिप बल्ब उत्पादन प्रणालियाँ विकसित कीं, साल भर लिलियम और ट्यूलिप उत्पादन के लिए हाइड्रोपोनिक तकनीकें तैयार कीं, और जरबेरा की किस्में—हिम कुमुद, हिम प्रभा और हिम अरुणा—लोकार्पित कीं। संस्थान ने पूर्वोत्तर राज्यों में 'अन्ना' और 'डॉर्सेट गोल्डन' जैसी लो चिलिंग सेब की किस्में भी तैयार कीं, और 118 एकड़ भूमि में लगभग 75,000 पौधे उपलब्ध कराए। संस्‍थान ने टिश्यू कल्चर, रोग-मुक्त रोपण सामग्री और खेती के बेहतर उपायों के माध्‍यम से देश में मॉन्क फ्रूट और स्टीविया को उच्च-मूल्य वाली फसलों के तौर पर बढ़ावा दिया है। मॉन्क फ्रूट मधुमेह के रोगियों के लिए उपयुक्त मीठे पदार्थों के उत्पादन में मदद करता है, जबकि स्टीविया की उन्नत किस्म 'हिम स्टीविया' और एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन के उपायों ने इसकी व्यावसायिक व्यवहार्यता को मज़बूत किया है।

आईएचबीटी ने हिमालयी औषधीय पौधों से नए बायोएक्टिव मेटाबोलाइट्स को विलगित किया है, फाइटोफार्मास्यूटिकल्स के लिए ग्रीन एक्सट्रैक्शन सिस्टम और गुणवत्ता प्रोटोकॉल विकसित किए हैं, और लिग्नोसेल्युलोजिक कचरे के उपयोग तथा टिकाऊ जैवऊर्जा (बायोएनर्जी) अनुप्रयोगों के लिए थर्मोस्टेबल एंजाइम और पायलट-स्केल बायोमास डीकंस्ट्रक्शन सिस्टम तैयार किए। संस्‍थान ने चाय और हिमालयी जैवसंपदा से कई मूल्य-वर्धित खाद्य, न्यूट्रास्यूटिकल और स्‍वास्‍थ्‍युक्‍त (वेलनेस) तकनीकें भी विकसित की हैं। इनमें कम गुणवत्ता वाली चाय से पर्यावरण-अनुकूल कैटेकिन निकालना, स्टीविया से उच्च-शुद्धता वाला स्टीवियोसाइड प्राप्त करना, बकव्हीट न्यूट्रीबार, क्रिस्‍पी फलों के उत्पाद और रेडी टू ईट पारंपरिक खाद्य पदार्थ शामिल हैं; ये तकनीकें उद्योगों द्वारा अपनाए जाने और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने में सहायक हैं।

यह संस्थान शोध के क्षेत्र में उच्च स्तर बनाए रखता है; यह प्रतिवर्ष उच्च-प्रभाव वाले जर्नलों में 200 से अधिक शोध-पत्र प्रकाशित करता है, और 10 से अधिक पेटेंट तथा तकनीकी उत्पाद तैयार करता है। संस्‍थान ने 'SCImago Institutions Rankings' में वैश्विक स्तर पर अपनी एक मज़बूत पहचान बनाई है; इस रैंकिंग में इसे समग्र रूप से 57वें परसेंटाइल, शोध के क्षेत्र में 75वें परसेंटाइल और सामाजिक प्रभाव के क्षेत्र में 71वें परसेंटाइल पर स्थान प्राप्त हुआ है। संस्‍थान के वैज्ञानिकों को प्रतिस्पर्धी फेलोशिप, अनुसंधान अनुदान, मोबिलिटी कार्यक्रमों और युवा वैज्ञानिक पुरस्कारों के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त हुई है।

आईएचबीटी वैज्ञानिक और नवीकृत अनुसंधान अकादमी (एकेडमी ऑफ़ साइंटिफ़िक एंड इनोवेटिव रिसर्च) (AcSIR) के माध्यम से अकादमिक प्रशिक्षण में भी एक महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाता है, जिसमें 500 से ज़्यादा शोधार्थी नामांकित हैं और 200 से शोधार्थी ज़्यादा PhD प्राप्‍त कर चुके हैं। यहां का परिसर एक सुरक्षित और जीवंत शैक्षणिक वातावरण प्रदान करता है, जिसमें चौबीसों घंटे लैब की सुविधा, उन्नत लाइब्रेरी संसाधन, हाई-स्पीड इंटरनेट, हॉस्टल और सबैटिकल आवास उपलब्ध हैं। यह PhD शोधार्थियों, पोस्टडॉक्टोरल शोधकर्ताओं और उनके सहयोगियों के लिए एक आदर्श स्थान है, जहाँ वे उन्नत विज्ञान, प्रौद्योगिकी विकास और हिमालय तथा उससे आगे के क्षेत्रों में वास्तविक सामाजिक प्रभाव के संगम पर काम कर सकते हैं।